: पुत्र की हत्या, पत्नी पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार...
Tue, Jun 10, 2025
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. 9 माह के पुत्र की हत्या व पत्नी पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को भटगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है । बीते दिन सोमवार को ग्राम चंदरपुर भटगांव निवासी राजसाय बखला ने भटगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि सुबह 5 बजे इसका भतीजा शिवराम टोप्पो अपनी पत्नी एवं 9 माह के पुत्र को टांगी से प्रहार कर पत्नी के चेहरे में दोनों तरफ तथा पुत्र को गंभीर चोट पहुंचाया था जिसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय सूरजपुर लाया गया जहां 9 माह के बालक की मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायमी उपरान्त धारा 103(1), 109(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया। भटगांव पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए दबिश देकर आरोपी शिवराम टोप्पो पिता स्व. चलितर टोप्पो उम्र 21 वर्ष ग्राम चंदरपुर थाना भटगांव को पकड़ा। पूछताछ पर उसने टांगी से प्रहार कर 9 माह के बालक की हत्या करना एवं पत्नी को प्राणघातक चोट पहुंचाना स्वीकार किया जिसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
: ऑपरेशन तलाश: पुलिस ने लापता 20 महिला व पुरूष को ढूंढा...
Mon, Jun 9, 2025
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. जिले की पुलिस को ऑपरेशन तलाश में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए दिल्ली, गोवा, बिहार सहित राज्य के कई जिलों व थाना क्षेत्र से 20 गुम इंसानों को खोज निकाला है। एसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है ताकि वे और अधिक ऊर्जा के साथ इस ऑपरेशन को सफलता की ओर ले जाए। गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन तलाश अभियान 1 जून 2025 से शुरू हुए इस अभियान में सूरजपुर पुलिस ने विगत 8 दिनों में 20 गुमशुदा महिला व पुरूष को खोज निकाला है और उन्हें सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है। एसपी श्री ठाकुर ने बताया कि ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत गुमशुदा बालिका, महिला व पुरूषों की दस्तयाबी के लिए व्यापक रूप से अभियान चलाया जा रहा है जिसमें थाना सूरजपुर के द्वारा 05, थाना चंदौरा 01, थाना भटगांव 04, चौकी बसदेई 02, चौकी कुदरगढ़ 01, चौकी खड़गवां 01, थाना रामानुजनगर 02, चौकी करंजी 01, थाना झिलमिली 01, थाना प्रतापपुर 01 व थाना ओड़गी 01 कुल 20 महिला व पुरूष को दिल्ली, गोवा, बिहार, अन्य जिलों सहित जिले के थाना क्षेत्र में गंभीरतापूर्वक पतासाजी कर दस्तयाब किया गया है। सभी गुम इंसानों को सकुशल उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। इस अभियान में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और परिजनों से मिली जानकारी का बेहतर उपयोग किया है। गुम इंसान की जांच में पाया गया कि एक महिला इंस्ट्राग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति के साथ दोस्ती होने उससे मिलने चली गई थी, एक महिला एक व्यक्ति के बहकावे में आकर विवाह करने सहित एक बालिका जिसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी वह संभाग में इधर-उधर घुम रही थी तथा एक महिला परिजनों के डाट फटकार से नाराज होकर दिगर प्रदेश चली गई थी। सूरजपुर पुलिस ने इन सभी गुम इंसानों की गंभीरतापूर्वक पतासाजी कर दस्तयाब किया है।
: धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान : अंतिम छोर तक पहुंचता कल्याण का उजास...
Sun, Jun 8, 2025
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अब जनजातीय समाज के लिए आशा की नई किरण बनकर उभर रही है। यह अभियान न केवल कल्याणकारी योजनाओं का समेकन है, बल्कि यह जमीनी स्तर पर अधिकारों की वास्तविक डिलिवरी सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम भी बन रहा है। जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन के नेतृत्व में इस अभियान को प्रभावी बनाने हेतु 15 जून से 30 जून 2025 तक विशेष जागरूकता एवं लाभ संतृप्ति शिविरों का आयोजन जिले के 284 चिन्हांकित जनजातीय बाहुल्य गांवों में किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ देना है।शिविरों के माध्यम से निम्नलिखित तात्कालिक सेवाओं की सुविधा दी जाएगी| आधार, राशन व आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड एवं पीएम-किसान का लाभ जन-धन खाता खोलना व बीमा सुरक्षा वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन योजनाओं की सुविधा रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA), पीएम विश्वकर्मा व मुद्रा ऋण जैसी आजीविका योजनाएं महिला और बाल कल्याण से जुड़ी योजनाएं जैसे PMMVY, ICDS व टीकाकरण इस अभियान का मूल उद्देश्य है "कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।" धरती आबा अभियान ग्राम स्तर पर सेवा डिलीवरी को मजबूती देता है, जिससे योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके। इस शिविर से जनता के बीच जागरूकता बढ़ेगी, अधिकारों तक पहुंच आसान होगी, और धरती आबा अभियान बनेगा आदिवासी विकास की मजबूत आधारशिला। यह अभियान न सिर्फ सरकारी योजनाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, बल्कि जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।