: 17 जुलाई से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का भव्य शुभारंभ...
Sat, Jul 15, 2023
सूरजपुर. 17 जुलाई से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। जिसमें 16 तरह के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का पूरा प्रशासनिक अमला 17 जुलाई को आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलंपिक हरेली त्यौहार की तैयारी में लग गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर द्वारा प्रत्येक मीटिंग में कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए बिंदुवार चर्चा की जाती है और आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाते हैं। जिसके लिए उन्होंनें संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब, जोन, विकासखण्ड तथा नगरीय निकाय परिषद क्लस्टर स्तर और जिला स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 16 पारम्परिक खेलों गिल्ली-डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सीकूद और कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। इस खेल प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर महिला एवं पुरूष वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग और तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों के लिए 06 स्तर निर्धारित किये गये है। इसके अनुसार पहले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर पर 17 जुलाई से 22 जुलाई तक खेलों का आयोजन नाकआउट पद्धति से होगा। जोन स्तर पर 26 जुलाई से 31 जुलाई तक, विकासखण्ड-नगरीय स्तर पर 07 अगस्त से 21 अगस्त तक, संभाग स्तर पर 10 सितम्बर से 20 सितम्बर तक और राज्य स्तर पर 25 सितम्बर से 27 सितम्बर तक छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के उपरांत विजेता प्रतिभागी-दलों को राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के अंतिम दिवस के अवसर पर पुरस्कार राशि का वितरण किया जाएगा, जिसमें विकासखण्ड-नगरीय निकाय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1000 रूपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 750 रूपए, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 500 रूपए, जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 2000 रूपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1500 रूपए, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1000 रूपए प्रदान किया जाएगा।
: विधिक साक्षरता शिविर तहत दी गई कानून की जानकारी...
Sat, Jul 15, 2023
सूरजपुर. गोविन्द नारायण जांगडे, जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में सुश्री रंजू राउतराय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफ टी सी विशेष न्यायालय सूरजपुर एवं श्री असलम खान, व्यवहार न्यायाधीश वर्ग - 1 द्वारा ग्राम गिरवरगंज, ग्राम बेलटिकरी, आ.जा.क. शा.कन्या मा.हाई स्कूल नवापारा सूरजपुर व कन्या परिसर सूरजपुर में विधिक साक्षरता शिविर लगाकर उपस्थित ग्रामीणजन व छात्राओं को कानून के विभिन्न अधिनियमों की जानकारी दी जो देश के प्रत्येक नागरिक को जानना जरूरी है। शिविर में विशेष सत्र न्यायाधीश ने महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों से अवगत कराते हुए अपराधों से बचने व अपराधों के प्रति डटकर सामना करने हेतु महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए यह भी बताया, किसी भी अपराध को सहना अपराधी को बढ़ावा देना है। अपराधियों को अपराध करने से रोकना है तो जब भी कोई अपराधी अपराध करित करे तो उसकी शिकायत तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में करें। जिससे अपराधियों को उसके किए की सजा मिल सके। शिविर में महिलाओं के कानूनी अधिकार, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी विस्तार से बताई। वहीं न्यायाधीश श्री असलम खान ने मोटर यान अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए कहा लोग महीने के 80 से 100 रुपए बचाने के लिए अपने गाड़ियों का इंश्योरेंस नही कराते हैं, और दस से पंद्रह सौ रूपये के बीच में दस से पंद्रह साल तक के लिए मिलने वाली वैध लायसेंस नही बनवाते है। जिसका खामियाजा गाड़ी से कोई दुर्घटना होने पर वाहन मालिक को लाखो का क्षतिपूर्ति भरने के साथ अपराधिक मामले का भी सामना करना पड़ता है। आगे उन्होंने मौलिक अधिकार व मौलिक कर्तव्य, नि:शुल्क विधिक सेवाएं और विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन व कार्य के संबंध में जानकारी देते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम व शिक्षा जीवन में क्या क्या बदलाव कर सकती है और जीवन में शिक्षा के महत्व पर चर्चा की।
: पुराने बर्तन पालिस कर नए बर्तन देने के नाम पर धोखाधड़ी...3 आरोपी गिरफ्तार...
Sat, Jul 15, 2023
सूरजपुर. गुरुवार को ग्राम अर्जुनपुर थाना रामानुजनगर निवासी बालम सिंह ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि अज्ञात व्यक्ति गांव में आकर पुराना कांस का बर्तन पालिस करने के बहाने व पुराने बर्तन के जगह पर नए बर्तन देने के नाम पर 42 हजार रूपये के बर्तन की ठगी किए है। जिस पर धारा 420, 34 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर संदेही रज्जक खान, शमीम खान व पवन राय को पकड़ा। पूछताछ पर तीनों ने ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया जिनके निशानदेही पर कांस का बर्तन कीमत करीब 20 हजार रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 2 नग मोटर सायकल जप्त कर आरोपी रज्जक खान पिता स्व. नूरू खान उम्र 33 वर्ष निवासी संजयनगर, टिकरापारा रायपुर, शमीम खान पिता लूतफर खान उम्र 42 वर्ष, निवासी संजयनगर टिकरापारा रायपुर एवं पवन राय पिता स्व. सूर्या राय निवासी टुन्डला, थाना केसिंगा, जिला काला हाण्डी उड़ीसा को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर प्रकाश राठौर, एएसआई बिसुनदेव पैंकरा, प्रधान आरक्षक सुशील तिवारी, फिरोज खान, आरक्षक दीपक यादव, विकास सिंह, महिला आरक्षक सुषा मिंज सक्रिय रहे।