: जवाहर नवोदय विद्यालय में हेल्थ कैंप का आयोजन...
Sat, Aug 5, 2023
सूरजपुर.
आंखों के बढ़ते संक्रमण के रोकथाम हेतु जिले भर में आवासीय स्कूल छात्रावासों, आश्रमों में संक्रमण की रोकथाम हेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नोडल अधिकारी अंधत्व डॉ. तेरस कंवर एवं सहायक नोडल अधिकारी मुकेश राजवाड़े के द्वारा प्रतिदिन सभी ब्लाकों ब्लाकों से समन्वय कर इस स्थिति पर बराबर नजर बनाए हुए राज्य कार्यालय को रिपोर्टिंग की जा रही है। जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में शिविर का आयोजन किया गया जिसमे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसदेई के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता, फार्मासिस्ट प्रियंका घोष, नेत्र सहायक अधिकारी ऋतुराज सिन्हा, मो. इमरान खान ने जवाहर नवोदय विद्यालय में हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। बच्चों को संक्रमित होने से बचाने के लिए सावधानी और सतर्क रहने की जरूरत हेतु स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। सभी बच्चों का आई चेकअप किया गया। जिसमें 88 बच्चों को कंजेक्टिवाइटिस होना पाया गया। सभी बच्चों को ड्रॉप आवश्यक दवा वितरित की गई। इस अवसर पर बच्चों को जानकारी देते हुए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति कई लोगों को संक्रमित कर सकता है। इस वजह से संक्रमित होने वाले बच्चे लगातार इसके चपेट में आ रहे है। भीड़-भाड़ वाले इलाके में जाने से बचना चाहिए और लक्षण दिखाई पड़ते ही तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें और अपने आप को आइसोलेट करें। बच्चे जब तक पूरी तरह से ठीक न हो जाएं तब तक स्कूल न जाएं। संक्रमित बच्चे और बड़े सभी काला चश्मा का प्रयोग करें। इसी तरह से जिले के समस्त विकासखंडों में खंड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा में आश्रम छात्रावासों में शिविर लगाकर बच्चों का परीक्षण कर त्वरित उपचार प्रदान किए जा रहे हैं। शिविर में नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी, अमित चौरसिया, एसपी मिश्रा, ऋतुराज सिन्हा, इमरान खान, दीपक गुप्ता, श्यामलाल चौधरी, मेडिकल टीम एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य छात्रावास अधीक्षक एवं छात्रों के उपस्थिति में शिविर का सफल आयोजन कर संक्रमण के रोकथाम के समुचित उपाय किए जा रहे है।
: जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही पर, जिला प्रशासन सख्त....
Fri, Aug 4, 2023
सूरजपुर
. जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण पीएचई विभाग द्वारा किया गया। जिसमें ग्राम सौतार, करकोलीजूना, मोहनपुर में निर्माण कराए जा रहे, पानी टंकी तथा कई ग्रामों में निर्मित प्लेटफार्म गुणवत्ता विहिन पाये जाने पर संबंधित विभाग द्वारा सख्त कार्यवाही की गई।
जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा के लिए पूर्व में कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा कई मीटिंग ली गई थी। जिसमें उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट किया था, कि योजना के अंतर्गत संचालित होने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर प्रशासन द्वारा सख्त निर्णय लिया जाएगा। इसलिए उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को तय समय सीमा पर गुणवत्ता युक्त कार्य करने के निर्देश मीटिंग में दिए गये थे। धरातल स्तर पर कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों का परिपालन सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं इसके लिए पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता, अपने अधीनस्थों द्वारा समय-समय पर कार्यस्थलों का भौतिक परीक्षण कराया जा रहा था। जिसमें कुछ चिन्हित स्थानों पर निर्माण में कमी पाई गई। जिसमें विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए, गुणवत्ता विहिन उच्च स्तरीय जलागार को तोड़ा गया।
: गंगौटी, शिवपुर, नवापारा सड़क निर्माण हेतु 7 करोड़ 42 लाख रू. की स्वीकृति...
Fri, Aug 4, 2023
सूरजपुर/.
संसदीय सचिव एवं भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े की निरंतर प्रयास से क्षेत्र में विकास की सुंदर और मजबूत गाथा लिखी जा रही है। श्री राजवाड़े के प्रयास से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में निरंतर सड़क, पुल, पुलिया का निर्माण हो रहा है, और आवागमन सुदृढ़ हो रहा है। इसी कड़ी में श्री राजवाड़े के प्रयास से भैयाथान ब्लाक के ग्राम पंचायत गंगोटी से शिवपुर के बीच पहुंच मार्ग में बीटी सड़क निर्माण हेतु छत्तीसगढ़ शासन से 7 करोड़ 42 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। जिससे क्षेत्र में हर्ष का माहौल व्याप्त है। ज्ञात हो कि गंगोटी सड़क की मांग ग्राम वासियों द्वारा अपने विधायक पारसनाथ राजवाड़े से किया गया था। ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए विधायक श्री राजवाड़े ने जल्द ही मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। संसदीय सचिव व भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े ने छत्तीसगढ़ सरकार से पहल कर सड़क निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति दिला दी है। लोक निर्माण विभाग के द्वारा जारी आदेश में गंगौटी से शिवपुर नवापारा पहुंच मार्ग जिसकी लंबाई 5.10 किलोमीटर है, उसमें बीटी सड़क निर्माण कार्य हेतु 7 करोड़ 42 लाख 65 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इस स्वीकृति के पश्चात उक्त रोड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, तथा क्षेत्रवासियों को उक्त स्थान पर जल्द ही सुंदर और मजबूत सड़क का उपहार मिलेगा। भटगांव विधायक एवं संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े ने कहा है कि इसका टेंडर जल्द निकाल कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करया जाएगा। उन्होने कहा की भटगांव के विकास के लिए भूपेश सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।