: लाखो कीमत के नशीली दवाईयों सहित 3 आरोपी गिरफ्तार...
Mon, Aug 21, 2023
सूरजपुर. पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला के द्वारा नशे के कारोबार के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश के बाद से जिले के थाना-चौकी की पुलिस के द्वारा लगातार एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में आज बसदेई पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि एक स्कार्पियों वाहन में 3 व्यक्ति नशीली दवाई बिक्री करने डिहरी बिहार से भैयाथान होते हुए सूरजपुर की ओर जा रहे है। सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उंचडीह रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर स्कार्पियों वाहन सहित चन्द्रिका गिरी पिता स्व. करन गिरी उम्र 56 वर्ष, सुनील केंवट पिता बाबुलाल केंवट उम्र 24 वर्ष निवासी कोचिला, चिरगुड़ा, थाना पटना, जिला कोरिया व संजय सिंह पिता जयगोपाल उम्र 30 वर्ष सा. रामपुर गेल्हापारा, थाना पटना, जिला कोरिया को पकड़ा गया जिनके कब्जे से नशीली इंजेक्शन लिजेसिक 200 नग एवं एविल इंजेक्शन 200 नग कुल 400 नग नशीली इंजेक्शन जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 2 लाख रूपये है। मामले में नशीली इंजेक्शन व परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियों वाहन जप्त कर धारा 21(सी), 27(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, एएसआई मानिकदास, बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, थॉमस मिंज, निकेश जायसवाल, प्रदीप सोनवानी, देवदत्त दुबे व महिला आरक्षक विमला खलखो सक्रिय रहे।
: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के काम में लाएं तेजी-जिपं सीईओ
Mon, Aug 21, 2023
सूरजपुर.
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री लीना कोसम द्वारा आवास योजना की विस्तृत समीक्षा की गई। जिसमे जनपदों से मृत और अन्यत्र के प्राप्त 86 निरस्त प्रकरणों के लिए संबंधित सचिव से प्राप्त प्रस्तावों को पुनः निरीक्षण करने का निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनपद के अधिकारी अपने स्तर पर सत्यापन करके ही जिला कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने जनपद पंचायत रामानुजनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्लिंथ के लिए 964, छत स्तर के लिए 632 तथा आवास पूर्णता के लिए 212 लंबित होने वाले आवासों के लिए कार्ययोजना मांगी। तकनीकी सहायक मनरेगा से अपने सेक्टर के लंबित आवासों को 01 सप्ताह में पूर्णता, सामग्री संग्रहण, प्लिंथ टैगिंग का लक्ष्य देकर पूर्ण किए जाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में उपस्थित एसडीओ आरईएस व कार्यक्रम अधिकारी नरेगा को 01 सप्ताह में प्रगति से अवगत कराने के लिए निर्देश दिये। वर्तमान में राशि की कोई समस्या नहीं है, हितग्राही जैसे-जैसे अपना आवास बनाते जा रहे है, उन्हे तुरंत अगली किस्त प्राप्त होती जा रही है।
: जिले में हुआ मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 का शुभारंभ...
Mon, Aug 21, 2023
सूरजपुर.
जिला अस्पताल में सघन मिशन इन्द्रधनुष 5.0 का शुभारंभ लाभार्थियों को ई-टीकाकरण कार्ड प्रदाय कर किया गया। जिले में सघन मिशन इन्द्रधनुष 5.0 का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है, जिसमें प्रथम चरण 21 से 26 अगस्त , द्वितीय चरण 20 से 26 सितम्बर तथा तृतीय चरण 25 से 31 अक्टूबर 2023 तक किया जायेगा। उक्त अभियान अन्तर्गत 0-5 वर्ष तक के टीका से वंचित बच्चे तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जायेगा। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आर.एस. सिंह ने आमजन से अपील की है कि उक्त अभियान में बड़-चढ़ कर हिस्सा लें। अभियान शुभारंभ के दौरान स्वास्थ्य विभाग के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय मरकाम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन गनपत नायक, जिला वैक्सीन भण्डार प्रबंधक उपेन्द्र सिंह, जिला वैक्सीन एवं कोल्ड चौन प्रबंधक सत्येन्द्र खूंटे आदि उपस्थित रहे।