: 465 लाख की लागत से बनेगा कन्या महाविद्यालय का नया भवन...
Tue, Sep 5, 2023
सूरजपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बेहतर शिक्षा व बालिका शिक्षा को लेकर की गई पहल और क्षेत्रीय विधायक खेलसाय सिंह की मांग पर जहां सूरजपुर जिला मुख्यालय को गत वर्ष बहुप्रतिक्षित व लंबित मांग में कन्या महाविद्यालय की सौगात मिली थी और स्थानीय कन्या शाला से प्रारंभ हुआ महाविद्यालय आज रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय परिसर में संचालित है। जहां पूर्व में लगभग 250 बच्चियां अध्ययनरत हैं। वहीं नए सत्र में भी लगभग 300 से अधिक बच्चिों ने दाखिला लेने की प्रक्रिया में आवेदन किया है। अब नए कन्या महाविद्यालय भवन को लेकर हो रही कवायदों के बीच उच्च शिक्षा विभाग ने विधायक खेलसाय सिंह की अनुशंसा पर सूरजपुर कन्या महाविद्यालय भवन के लिए 465 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में सूरजपुर शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय के जन भागीदारी अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि सुनील अग्रवाल ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा नाबार्ड योजना अंतर्गत पूरे प्रदेश में खोले गए नए 17 महाविद्यालयों के भवन निर्माण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें सरगुजा संभाग में शासकीय महाविद्यालय सन्ना जशपुर, शासकीय महाविद्यालय धौरपुर सरगुजा व शासकीय कन्या महाविद्यालय सूरजपुर के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 465 लाख रूपए प्रति कॉलेज के हिसाब से नए अत्याधुनिक व मल्टी स्टोरी भवन के लिए स्वीकृति जारी की है। कन्या महाविद्यालय भवन की स्वीकृति पर महाविद्यालय परिवार व अध्ययनरत छात्राओं ने प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हर्ष व्यक्त किया है।
काजूबाड़ी में है प्रस्तावित गर्ल्स कॉलेज...
जनभागीदारी अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि कन्या महाविद्यालय के लिए शिव पार्क के बगल में वन विभाग की भूमि काजूबाड़ी के साथ गायत्री मंदिर के समीप शासकीय भूमि को चिन्हांकित किया गया है, जिसमें महाविद्यालय प्रबंधन ने काजूबाड़ी की भूमि को कन्या महाविद्यालय के अनुकूल पाया है और इसके लिए कलेक्टर सूरजपुर के साथ डीएफओ सूरजपुर को भी प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। वहीं महाविद्यालय ने नगर पालिका अध्यक्ष केके अग्रवाल को भो पत्र भेजकर उक्त भूमि के लिए नपा से भी प्रस्ताव की मांग की है।
: भाजपा ने सनातन धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पर पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन...
Tue, Sep 5, 2023
सूरजपुर. भाजपा ने सनातन धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। गत दिनों तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के मंत्री पुत्र उदयनिधि ने सार्वजनिक सभा में सनातन धर्म के विरुद्ध टिप्पणी को लेकर हिन्दू समाज मे भारी आक्रोश है।इसे लेकर भाजपा द्वारा जिला मुख्यालय सूरजपुर में पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल के नेतृत्व में पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राजेश अग्रवाल,थलेश्वर साहू, संदीप अग्रवाल, अशोक सिंह,शशि तिवारी, कपिल पाण्डेय, रविन्द्र भारती, शशि कांत गर्ग , शिव राजवाड़े,अजय अग्रवाल, सुरेंद्र राजवाड़े, सत्यनारायण जायसवाल, रामशिरोमणि साहू,राजेश तिवारी, रामेश्वर बैस, डा. एच एन चतुर्वेदी,कृष्ण कुमार गोयल,राजेश साहू,आनंद सोनी ,अरविंद मिश्रा,सावन गोयल, राजू देवांगन,शिवशंकर साहू, संस्कार अग्रवाल,अनिल साहू, सतेन्द्र राजवाडे,सरोज साहू, देवमुनिया साहू,किशन देवांगन,अरविंद सिंह,देवनारायण राजवाड़े, सुरजन राम , लोकनाथ सहित बड़ी संख्या मे भाजपा भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
: समावेशी शिक्षा अन्तर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न...
Tue, Sep 5, 2023
सूरजपुर.
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, छत्तीसगढ़ रायपुर के तत्वाधान में कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक संजय अग्रवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला परियोजना संचालक सुश्री लीना कोसम के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल, जिला मिशन समन्वयक शशिकान्त सिंह तथा सहायक संचालक रविन्द्र सिंहदेव के मार्गदर्शन में एवं सहायक परियोजना समन्वयक (समावेशी शिक्षा) शोभनाथ चौबे के समन्वय से शासकीय कन्या उ.मा.वि. विश्रामपुर के सभाकक्ष में दिव्यांग बच्चों के जीवन को सुगम एवं सरल बनाने तथा उनका सही पहचान कर लाभान्वित किये जाने के उद्देश्य से जिले के सभी 6 विकासखण्डों के लगभग 200 प्रधान शैक्षिक प्रशासकों, माता-पिता एवं अभिभावकों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला 04 सितम्बर 2023 को सम्पन्न हुई। कार्यशाला का शुभारंभ कलेक्टर के द्वारा मॉ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुए द्वीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कलेक्टर द्वारा दिव्यांग छात्र एवं छात्राओं का सही-सही पहचान कर उन्हें उचित लाभ प्रदान किये जाने के संबंध में प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि कोई भी दिव्यांग, दिव्यांग नहीं होता बल्कि वह किसी अन्य रूप में सामान्य लोगों से विशिष्ट होता है। ईश्वर ने यदि उसे किसी तरफ कमजोर किया है तो दूसरी ओर विशिष्ट बनाया है। आवश्यकता है हम सभी को उनके बेहतरी के लिये अच्छा कार्य किये जाने की। आज दुनिया में बिना हाथ-पैर वाले दिव्यांग भी ओलंपिक में गोल्ड मेडल प्राप्त कर रहे हैं तथा सर्वोच्च पदों पर भी आसीन हैं। उनके प्रति हमारे नकारात्मक विचारों को बदलकर सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों के द्वारा दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016, 21 प्रकार की दिव्यांगता, शासन से प्रदत्त सुविधाएं, माता-पिता अभिभावक एवं शिक्षकों के रूप में दायित्व आदि विभिन्न पहलुओं पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मास्टर ट्रेनर प्रमोद कुमार टण्डन, किशोर कुमार मुखर्जी, विद्यालय के प्राचार्य आशीष भट्टाचार्य एवं व्याख्याता अमर कुमार जैन, संतोष उपाध्याय एवं उनकी टीम, संकुल शैक्षिक समन्वयक गौरी शंकर पाण्डेय, दया सिंधु मिश्रा, संकुल प्रभारी हर्ष नारायण शर्मा तथा विभिन्न विकास खण्डों के बीआरपी (समावेशी शिक्षा) विनोद कुमार यादव, श्रीमती राधा नन्दी, इंदुमती तिग्गा, रमाकांत नर्मदा एवं अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।