: 3 दिवसीय राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रशिक्षण सम्पन्न...
Wed, Sep 6, 2023
सूरजपुर.
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आर.एस.सिंह के मार्गदर्शन में 04 मार्च से 06 सितम्बर 2023 तक 03 दिवसीय राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रशिक्षण सम्पन्न कराया गया। जिसमें राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक हेतु चिन्हांकित 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को प्रशिक्षित किया गया। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक में 08 संबंधित क्षेत्र होते हैं, जो कि सेवा प्रावधान, रोगी का अधिकार, इनपुट, सहायता सेवाएँ, नैदानिक सेवा, अस्पताल संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन, परिणाम है। जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के बाह्य रोगी, प्रसव कक्ष, अतः रोगी, प्रयोगशाला, सामान्य प्रशासन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की तैयारी कराई जाती है। उक्त प्रशिक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को अगले 03 महीने में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण हेतु तैयार किया जाएगा।
: आरबीसी 6-4 के तहत 92 लाख की सहायता राशि मंजूर...
Wed, Sep 6, 2023
सूरजपुर.
न्यायालय अपर कलेक्टर राजस्व शाखा द्वारा आरबीसी (राजस्व पुस्तक परिपत्र) 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा व दुर्घटना से पीड़ित 23 परिवारों को 92 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई। इस पर प्रकाश डालते हुए अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने बताया कि प्राकृतिक प्रकोपों से हुई फसल क्षति, मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि एवं अन्य क्षतियों के लिए छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इसी के तहत जिले के पांच तहसील सूरजपुर, लाटोरी, रामानुजनगर, प्रेमनगर, व प्रतापपुर के 23 मृतकों के निकटतम वारिसानों को 92 लाख की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इन 23 व्यक्तियों की मृत्यु का मुख्य कारण सर्पदंश व पानी में डूबा था।
: मेडिकल कालेज अम्बिकापुर से फरार आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने पकड़ा...
Wed, Sep 6, 2023
सूरजपुर. थाना कोतवाली अम्बिकापुर क्षेत्र में हुए चोरी के मामले में केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में निरूद्ध राहुल साहू उर्फ कल्लू पिता राम अवतार साहू निवासी साहूगली थाना सूरजपुर को दिनांक 01.09.23 को जेल प्रहरी उपचार के लिए मेडिकल कालेज अम्बिकापुर ले गए थे जहां से राहुल साहू जेल प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गया था। भूपेन्द्र आयाम की रिपोर्ट पर थाना मणिपुर अम्बिकापुर में धारा 224 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और इसकी सूचना सूरजपुर पुलिस को दी गई।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आई कल्याण एलिसेला ने पुलिस अधिकारियों को फरार आरोपी की पतासाजी कर पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसी बीच आज सूरजपुर पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर फरार आरोपी राहुल साहू उर्फ कल्लू को मानपुर में घेराबंदी कर पकड़ा और इसकी सूचना थाना मणिपुर पुलिस को दिया जिसके बाद वहां की पुलिस के आने पर फरार आरोपी को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक लखेश साहू, इसित बेहरा, आरक्षक रामकुमार नायक व तेजीलाल साहू सक्रिय रहे।