: जिले में बाल श्रम व भिक्षावृत्ति रोकने 25 मई से 15 जून तक चला विशेष अभियान...
Mon, Jun 19, 2023
सूरजपुर
. जिला कार्यक्रम अधिकारी मार्गदर्शन में संयुक्त टीम का गठन कर निर्देशानुसार संयुक्त टीम द्वारा जिले के नगरीय क्षेत्र एवं ग्रामीण ऐसे क्षेत्र जहां की आबादी अधिक है। चिन्हांकित हॉटस्पॉट पर विशेष अभियान 25 मई 2023 से 15 जून 2023 तक चलाकर ऐसे बच्चों का चिन्हांकन किया गया। जो सड़क पर रहते है, और भिक्षावृत्ति का कार्य करते है। जिसके परिवार का सहयोग नहीं रहता है, परिवार के साथ सड़क पर रहता है, या दिन में सड़क जैसे परिस्थिति में रहता है और रात में अपने परिवार में चला जाता है। ऐसे बच्चों को चिन्हांकित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया जाये, उन्हें बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत करना है। और उन्हें पुनर्वासित करना या बाल गृह में रखकर शिक्षा दिलाने का कार्य करना है।
जिले के प्रेमनगर, रामानुजनगर, भैयाथान, भटगांव, प्रतापपुर जरही सूरजपुर, विश्रामपुर में निरंतर जिले के चिन्हांकित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में टीम द्वारा जाकर जानकारी दी गई। चिन्हांकन का कार्य किया गया। विकासखंड प्रतापपुर में 4 बालक बाल श्रम करते हुए एवं बालिका भिक्षावृत्ति करते हुए तथा विकासखण्ड प्रेमनगर से 1 बालक बाल श्रम के दौरान संयुक्त टीम द्वारा रेस्क्यू किया गया। जिन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग नई दिल्ली, छत्तीसगढ़ महिला राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग रायपुर एवं छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण समिति इस कार्य का मॉनिटरिंग कर रही है। प्राथमिकता के साथ इस अभियान का संचालन जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति मिशन वात्सल्य के अध्यक्ष सचिव के देखरेख में संचालित है। कलेक्टर द्वारा अपील किया गया है कि ऐसे बच्चों के संबंध में जानकारी होने पर जिला बाल संरक्षण इकाई महिला एवं बाल विकास विभाग एवं चाईल्ड लाईन के संपर्क नं.-7489892746, 1098 पर सूचित कर सकते हैं। अभियान में संयुक्त टीम में प्रियंका सिंह संरक्षण अधिकारी, अंजनी साहू सामाजिक कार्यकर्ता, हरगोविन्द चक्रधारी, पवन धीवर आउटरीच वर्कर, थाना प्रेमनगर, भटगांव प्रतापपुर, झिलमिली रामानुजनगर के आरक्षक चाईल्ड लाईन से केन्द्र समन्वयक कार्तिक मजूमदार, शीतल सिंह, नंदिनी खटीक, अनवरी उपस्थित रहे।
: प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित...
Mon, Jun 19, 2023
सूरजपुर.
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना नवीन इकाईयों की स्थापना तथा पहले से संचालित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के विस्तार हेतु केन्द्र शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किये जा रहे हैं। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सूरजपुर के महाप्रबंधक ने बताया कि इस योजना में मशीन की संपूर्ण लागत पर 35 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। साथ ही इकाई स्थापित करने हेतु आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक पास बुक, पिछले छः माह का बैंक स्टेटमेंट, राशन कार्ड या विद्युत बिल या निवासी संबंधी दस्तावेज आदि की आवश्यकता होगी। लाईसेंस प्राप्त करने हेतु संपूर्ण सहायता भी योजनांतर्गत प्रदान की जाएगी। खाद्य प्रसंस्करण अंतर्गत पोहा निर्माण, फ्लोर मिल, दाल मिल, तेल मिल, बेसन निर्माण, सत्तू निर्माण, मसाला उद्योग, बिस्किट, केक निर्माण, बेकरी, आलू चिप्स, केला चिप्स, अदरक लहसून पेस्ट, मूंगफल्ली प्रसंस्करण, बड़ी पापड़, रेडी टू ईट, मुरमुरा, मुर्क, लड्डू, लाई, बताशा, आचार, पापड, हल्दी मिर्च प्रोसेसिंग एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण उद्योग सम्मिलित किये जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, नयनपुर, गिरवरगंज, जिला सूरजपुर में संपर्क कर सकते हैं ।
: रोजगार मेला का आयोजन 22 जून को...
Mon, Jun 19, 2023
सूरजपुर
. जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के द्वारा 22 जून को जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज में प्रातः 11 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है। जिसमें लगभग 18 अशासकीय संस्थाओं द्वारा 396 हितग्राहियों का अलग- अलग पदों में योग्यतानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। ऐसे आवेदक जो उपरोक्त योग्यता रखते हैं वे अपने साथ शैक्षणिक योग्यता की अंक सूची, निवास, जाति, रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड आदि की मूल प्रति एवं पासपोर्ट साईज की दो फोटो के साथ उक्त दिनांक को शिविर में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठा सकते है।