: स्कुल में जूता-मोजा व खेल सामग्री का किया गया वितरण...
Sat, Aug 26, 2023
सूरजपुर.
शासकीय बालक माध्यमिक शाला रामानुजनगर के प्रांगण में सरगुजा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष व प्रेम नगर विधायक खेल साय सिंह व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश रजवाडे के हाथों जनपद पंचायत रामानुजनगर के सीईओ संजय राय के द्वारा स्वयं के खर्चे से विद्यालय से अध्यनरत आर्थिक रूप से कमजोर तीस विद्यार्थियों को जूता-मोजा और खेल सामग्री प्रदान किया गया था। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी पंडित भारद्वाज के द्वारा अतिरिक्त खेलगाड़िया सामग्री का भी वितरण किया गया। विदित हो कि यहां पदस्थ शिक्षक बिहारी लाल साहू विद्यालय व बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचारी गतिविधियों में संलग्न रहते हैं, उनके द्वारा प्रत्येक शनिवार आज के शिक्षक के रूप में किसी अधिकारी, व्यापारी व सामाजिक कार्यकर्ता को बच्चों के बीच प्रस्तुत किया जाता है। जिससे बच्चे उनके अनुभव का लाभ लेकर पुस्तकीय ज्ञान के अतिरिक्त अन्य ज्ञान भी प्राप्त कर सकें व उनका बौद्धिक विकास हो सके। इसी तारतम्य में विगत सप्ताह जनपद पंचायत रामानुजनगर के सीईओ संजय राय को आज के शिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया था जिसमें उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति लगाव और समय की उपयोगिता पर विस्तार से संदेश देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को जूता मोजा वह खेल सामग्री स्वयं के खर्चे से प्रदान देने की बात कही। उक्त सामग्री छत्तीसगढ़ ओलंपिक कार्यक्रम के समापन में पहुचें विधायक व अन्य समस्त अतिथियों के द्वारा वितरित किया गया साथ ही शिक्षक बिहारी लाल साहू के इस पहल की सराहना भी की गई और सीईओ राय को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
: आवास योजना के प्रगति का अवलोकन करने पहुंचे संभाग प्रभारी...
Sat, Aug 26, 2023
सूरजपुर.
राज्य शासन से प्राप्त पत्र अनुसार जिले को 02 अक्टूबर 2023 तक 4255 आवास पूर्ण किए जाने का लक्ष्य प्राप्त है। विभाग से मिली जानकारी अनुसार जिले में 37568 आवास स्वीकृत है। जिसमे से 12167 आवास पूर्णता हेतु आज पर्यंत लंबित है। जिसमे से द्वितीय किस्त तक की राशि प्राप्त सभी 4255 आवासों को 02 अक्टूबर तक पूर्ण करने हेतु लक्ष्यित किया गया है। इसी तारतम्य में जिला पंचायत सीईओ सुश्री लीना कोसम, उपसंचालक पंचायत ऋषभ सिंह एवं कार्यक्रम प्रबंधक कैलाश ठाकुर द्वारा जिले के तीन जनपद पंचायत ओडगी, प्रेमनगर व प्रतापपुर के अधिकारी कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली गई। तीनो जनपद को क्रमशः 904, 692 तथा 73 आवास 02 अक्टूबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य प्राप्त है। जिसमें से अभी तक इन जनपदों द्वारा 19, 26 व 08 आवास ही बना पाने में सफल हुए है। इस असंतोषजनक प्रगति के लिए सीईओ जिला पंचायत द्वारा सभी को निर्देशित किया गया है कि हितग्राही वार कार्य योजना तैयार करते हुए लक्ष्य पूरा करने को कहा गया है। कार्यक्रम प्रबंधक कैलाश ठाकुर द्वारा बताया गया कि पूर्व में जिला सूरजपुर की प्रगति अच्छी रही है लेकिन अभी बीते कुछ महीनों से प्रगति काफी खराब है जिसके कारण यहां भी प्रतिदिन पूर्णता 110 से अधिक हो गया है। संचालक रजत बंसल को जिले से काफी उम्मीदें है और स्वाभाविक रूप से 02 अक्टूबर तथा 31 दिसंबर का लक्ष्य पूर्ण कर लेंगे। उन्होंने बताया कि आप आवश्यकता अनुसार अन्य अमलो को भी इसमें लगा सकते है।सीईओ जिला पंचायत प्रत्येक एसडीओ आरईएस,सब इंजीनियर आरईएस, तकनीकी सहायक व ग्राम पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक की समीक्षा के दौरान तृतीय किस्त प्राप्त आवासों को 10 दिवस के भीतर तथा 15 दिवस के भीतर सभी आवासों का काम पूर्ण करा के तृतीय किस्त जारी करने का निर्देश दिया गया। संभाग प्रभारी द्वारा जनपद पंचायत सूरजपुर के मानी,सतपता एवम् जनपद पंचायत प्रेमनगर के केदारपुर, ब्रह्मपुर, फुलकोना के हितग्राहियों से स्वयं मिलकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि अभी अगर आवास पूर्ण करा लेते है तो आपको सारी किश्ते तत्काल प्राप्त हो जाएंगी। अभी छड़ के मूल्य तुलनात्मक रूप से कम भी है।इसलिए सभी हितग्राही काम चालू करिए और इसे पूर्ण होते तक बंद मत करिए। समीक्षा बैठक सभी जनपद पंचायत सीईओ, एसडीओ आरईएस, उप अभियंता आरईएस, पीओ नरेगा, तकनीकी सहायक नरेगा तथा उक्त जनपद पंचायत के 50 से अधिक लंबित आवास वाले 42 ग्राम पंचायत के सचिव व रोजगार सहायक के साथ आवास योजना के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।
: मुख्य न्यायाधीश ने जिला एवं सत्र न्यायालय का किया निरीक्षण...
Sat, Aug 26, 2023
सूरजपुर.
उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा निर्धारित दौरा कार्यक्रम अनुसार आज जिला एवं सत्र न्यायालय, सूरजपुर का निरीक्षण किया गया। मुख्य न्यायाधीश का जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गोविन्द नारायण जांगड़े के साथ समस्त न्यायाधीश, कलेक्टर व अन्य राजस्व अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। मुख्य न्यायाधीश ने जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर के कार्यालय, समस्त न्यायालयों, समस्त अनुभागों यथा- न्यायिक अभिलेखागार, लाईब्रेरी, वीडियो कान्फ्रेसिंग रूम, सर्वर रूम, कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रतिलिपि अनुभाग, नजारत अनुभाग, न्यायालय स्थित महिला एव पुरूष बंदी गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला न्यायालय परिसर सूरजपुर की साफ सफाई व अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार साफ सफाई व अन्य व्यवस्था रखे जाने हेतु जिला एवं सत्र न्यायाधीश को निर्देशित किया गया।निरीक्षण उपरान्त जिला अधिवक्ता संघ के अनुरोध पर जिला अधिवक्ता संघ के आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए अपने उद्बोधन में व्यक्त कर कहा कि बार और बेंच के संबंध अच्छे रहे साथ ही उन्होंने संघ के प्रति खुशी जाहिर करते हुये न्यायालय की साफ सफाई और व्यवस्था के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य न्यायाधीश व रजिस्ट्रार जनरल द्वारा न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान अरविन्द कुमार वर्मा, रजिस्ट्रार जनरल, एम.व्ही.एल.एन. सुब्रम्यणम अतिरिक्त रजिस्ट्रार, रविन्द्र सिंह नेगी, प्रोटोकॉल ऑफिसर, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के साथ जिला स्थापना सूरजपुर के न्यायिक अधिकारी गण उपस्थित थे।