: PM आवास का पैसा लेने के बाद निर्माण पूरा नहीं करने वालो को नोटिस...
Tue, Jul 16, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
ग्रामीण इलाकों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि प्राप्त कर आवास निर्माण नहीं कराने वाले हितग्राहियों के खिलाफ जिला प्रशासन कार्रवाई करने जा रही हैं। गौरतलब है कि पीएम आवास योजना की राशि मिलने के बावजूद आवास निर्माण नहीं किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर रोहित व्यास ने उचित कार्यवाही हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है।
गौरतलब है कि जनपद पंचायत भैयाथान के 78 ग्राम पंचायतों में आवास बनाने की मंजूरी दी गई थी। जिसमें 491 हितग्राहियों के द्वारा आवास निर्माण के लिए राशि लेने के बाद भी काम पूरा नहीं किया जा सका हैं। हितग्राहियों द्वारा लापरवाही पूर्वक आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने के बाद कही और राशि खर्च कर दी गई। जिसकी वजह से अब तक आवास निर्माण पूरा नहीं हो सका हैं। ऐसे हितग्राहियों को एसडीएम सागर सिंह ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया हैं।
विकासखंड समन्वयक अमित कुमार खैरवार ने बताया कि अधूरे आवासों की सूची एसडीएम को भेज दी गई है। जिसमें 491 हितग्राही ऐसे हैं जिन्होंने अपना आवास का निर्माण पूरा नहीं कर सके हैं। वहीं 269 ऐसे हितग्राही है जिन्होंने अपना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त की राशि लेने के बाद निर्माण शुरू ही नहीं किया हैं। एसडीएम सागर सिंह ने बताया कि जिन हितग्राहियों का आवास अधूरा है, उन्हें नोटिस भेजा गया हैं। उन्हें बुला कर आवास अधूरा होने का कारण पूछा जा रहा हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि राशि मिलने के बाद आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वाले हितग्राहियों से राशि रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।
: स्कूली अधोसंरचनाओ को करें बेहतर, समय सीमा की बैठक...
Mon, Jul 15, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
आज समय सीमा की बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले में संचालित सभी योजनाओं की विभागवार जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवानी जायसवाल, सर्व एसडीएम सहित अन्य संबंधित जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिले में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधोसंरचना को बेहतर करने के निर्देश दिए। शाला प्रवेश, स्कूलों में साफ सफाई की अच्छी व्यवस्था एवं स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उल्लास कार्यक्रम के तहत साक्षरता कार्यक्रम को शत प्रतिशत रूप में लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गहन डायरिया नियंत्रण कार्यक्रम की जानकारी लेते हुए इसके सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिये स्वास्थ्य विभाग को कहा। साथ ही समस्त नगरीय निकायों के सीएमओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोगों के घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो जिसके लिए सैंपल की जांच कराएं।कलेक्टर ने समीक्षा करते हुए कृषि, सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को खाद, बीज, रासायनिक उर्वरक तथा कीटनाशकों की आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित कराएं एवं उनकी उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग करें और कृषकों के साथ नियमित संपर्क में रहें। इसके अलावा बैठक में उन्होंने लंबित पेंशन प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियो को निर्देश दिए। जिले में ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को पूर्णतः सफल बनाने के लिए इसके अंतर्गत सभी निर्देशों को लागू करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए भूमिगत जल रिचार्ज के लिए वाटर हार्वेस्टिंग कार्यक्रम को सफलता पूर्वक लागू करने को कहा। साथ ही सभी शासकीय भवनों में शतप्रतिशत रूप में वाटर हार्वेस्टिंग लगाने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने जल जीवन मिशन, सुरक्षित मातृत्व अभियान, चिरायु योजना, राशन कार्ड निर्माण की स्थिति, स्वच्छा ग्राहियों का शत प्रतिशत ई पंजीयन का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी की स्थिति, बच्चों में कुपोषण की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
: आवासीय बालिका हॉकी खेल अकादमी में चयन के लिए ट्रायल 17 से 19 जुलाई तक...
Mon, Jul 15, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर जिले में आवासीय बालिका हॉकी खेल अकादमी सत्र 2024-25 से प्रारंभ किया जा रहा है। आवासीय हॉकी खेल अकादमी हेतु खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल अकादमी संचालन नियम 2014 के अनुसार राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 17 से 19 जुलाई 2024 तक प्रातः 7ः00 बजे से किया जायेगा। उक्त चयन ट्रायल में 13-17 आयु वर्ग के राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्षन करने वाली हॉकी बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा। खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डेय ने बताया कि राज्य स्तरीय चयन ट्रायल रायपुर में चयनित खिलाडियों को अकादमी में प्रवेश मिलेगा। चयनित खिलाड़ियों को आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, दुर्घटना बीमा, खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं, खेल विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर तथा मो.नंबर-6260027676 में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते है।