पदभार : सूरजपुर के नए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने संभाला पदभार
Rajesh Soni
Fri, Jul 17, 2026
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे, 2018 बैच) ने आज शुक्रवार को जिला कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री पटेल ने सर्वप्रथम जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना व चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के भौगोलिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। श्री पटेल पूर्व में अम्बिकापुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और बालोद जिलों में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं, जहाँ उनके कार्यों की सराहना की गई है। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन पर कड़ी कार्रवाई हो और एनएच व अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के अनधिकृत रूप से खड़े होने की समस्या को हल करने हेतु ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की जाए। बैठक के अंत में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें, लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करें और आम नागरिकों के बीच पुलिस की छवि को निष्पक्ष एवं सुलभ बनाए रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन