लापरवाही : ITI बिहारपुर में पढ़ाई ठप, छात्रों का भविष्य अधर में...
Pappu Jayswal
Thu, Nov 6, 2025
सूरजपुर. बिहारपुर में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) की स्थिति बेहद चिंताजनक है। लगभग एक वर्ष से संस्थान में न तो कक्षाएँ नियमित हो रही हैं और न ही प्रायोगिक प्रशिक्षण। इससे यहाँ पढ़ाई कर रहे छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है।प्राचार्य का स्थानांतरण होने के बाद अब तक किसी नए प्राचार्य ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। प्रशिक्षकों की उपस्थिति भी अनियमित है। जिसके कारण छात्र रोजाना संस्था पहुँचते हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाई नहीं मिल पाती। तकनीकी शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा प्रैक्टिकल है, लेकिन वर्कशॉप लगातार बंद पड़ी है। छात्रों ने बताया कि उन्होंने समय रहते प्रवेश लिया, फीस जमा की, लेकिन पढ़ाई समय से शुरू नहीं हुई। पिछले सत्र की पढ़ाई अधूरी रह गई और अब नए सत्र में भी वही स्थिति बनी हुई है। छात्र राहुल ने कहा कि “हम रोज पढ़ने आते हैं लेकिन कक्षा नहीं लगती। कोई बताने वाला नहीं कि पढ़ाई कब शुरू होगी।” छात्रा पूनम ने कहा, “प्रैक्टिकल नहीं होने से हम परीक्षा कैसे दें? हमारा साल खराब हो रहा है।” अमिता का कहना है कि “सरकार ने रोजगार के लिए आईटीआई खोली है, लेकिन पढ़ाई ही नहीं होगी तो नौकरी कहाँ मिलेगी।” वहीं अंशु ने बताया कि “कई बार शिकायत की गई, लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि बिहारपुर जैसे दूरस्थ इलाके में युवाओं को तकनीकी शिक्षा का यह एकमात्र बड़ा मौका मिलता है। संस्थान की उपेक्षा से युवाओं के सपने टूट रहे हैं और वे बेरोजगारी की ओर धकेले जा रहे हैं।छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्राचार्य की नियुक्ति की जाए, प्रशिक्षकों की पूरी व्यवस्था की जाए और वर्कशॉप को फिर से शुरू किया जाए, ताकि उनका कीमती समय और भविष्य दोनों सुरक्षित रह सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन