पेयजल की किल्लत : स्कूल में लगा सोलर पंप 3 माह से खराब, पानी के लिए भटकने बच्चे..
Pappu Jayswal
Wed, Aug 13, 2025
सूरजपुर. जिले के दूरस्थ अंचल क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के ग्राम पंचायत उमझर अंतर्गत आश्रित ग्राम जूडवनिया के प्राथमिक शाला में लगे सोलर ड्यूल पंप लंबे समय से खराब पड़ा है जिसके वजह से यहाँ पढ़ने वाले बच्चे और शिक्षक को पेयजल की किल्लत हो रही। स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने कई बार पीएचई एवं क्रेडा विभाग के अधिकारियों को पंप की मरम्मत के लिए लिखित और मौखिक शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पेयजल व्यवस्था ठप होने के कारण बच्चों को कक्षा के समय में ही पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई बार उन्हें मजबूरी में नदी और कुएं का पानी पीना पड़ता है, जिससे गंभीर जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी लाने में समय और ऊर्जा खर्च होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और उदासीनता के कारण गांव के नौनिहाल बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पंप की शीघ्र मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन