फर्जीवाड़ा : महिलाओं के बैंक खातों से बिना जानकारी कई हजार रुपये का ऋण निकला, पीड़ितो ने SDM से शिकायत कर निष्पक्ष जांच मांग...
Rajesh Soni
Sat, Dec 20, 2025
सूरजपुर. विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम चोपन की गरीब व अशिक्षित महिलाओं के साथ कथित तौर पर बड़ा वित्तीय फर्जीवाड़ा सामने आया है। ग्राम की लगभग दो दर्जन महिलाओं के बैंक खातों से बिना उनकी जानकारी के 42-42 हजार रुपये का ऋण निकाल लिए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं ने इस संबंध में अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) भैयाथान को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में महिलाओं ने बताया कि वे सभी ग्राम चोपन की निवासी हैं, जबकि आरोपित महिला भी उसी ग्राम की निवासी है, जो पूर्व में महिला समूहों की सीआरपी (बैंक सखी) के रूप में कार्यरत रही है। आरोप है कि उक्त महिला ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिलाओं को भ्रमित कर उनके नाम से स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड, शाखा बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में खाते खुलवाए और 7 दिसंबर 2023 को प्रत्येक खाते से 42-42 हजार रुपये की ऋण राशि आहरित कर ली।पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्हें न तो ऋण स्वीकृत होने की कोई जानकारी दी गई और न ही किसी प्रकार के दस्तावेजों पर उनकी सहमति ली गई। इस फर्जीवाड़े की जानकारी उन्हें तब हुई, जब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्री-लिटिगेशन नोटिस प्राप्त हुआ। इससे महिलाएं मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रकरण क्रमांक 134430/2025 सहित कई मामलों में बिना सूचना के कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई, जिससे गरीब महिलाओं की परेशानी और बढ़ गई है। पीड़ितों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और ऋण लेने की स्थिति में नहीं थीं। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बैंक, समूह संचालन से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आरोपित महिला की भूमिका की गहन जांच कराई जाए और उनके खातों से निकाली गई राशि वापस दिलाई जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में गरीब महिलाओं के साथ इस तरह का धोखाधड़ी दोहराया न जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन