बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि : चांदनी बिहारपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त; तेंदूपत्ता, ईंट और आम की फसल को भारी नुकसान..
Pappu Jayswal
Mon, May 4, 2026
सूरजपुर । जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में आज दोपहर मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। दोपहर करीब 3 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गहरे संकट में डाल दिया है। क्षेत्र में आगामी 10 मई से तेंदूपत्ता तोड़ाई का कार्य प्रारंभ होना है।ओलावृष्टि के कारण पेड़ों के पत्तों में छेद होने और उनके क्षतिग्रस्त होने की प्रबल आशंका है। यदि पत्तों की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो इसका सीधा असर हजारों संग्राहक परिवारों की वार्षिक आय पर पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर संचालित ईंट भट्ठों को इस बारिश से सर्वाधिक क्षति हुई है। आंधी-पानी के कारण हजारों की संख्या में तैयार और अधबनी कच्ची ईंटें पानी में गल गई हैं, जिससे संचालकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है । आम की फसल को क्षति पहुंची है बागवानों के लिए यह मौसम तबाही लेकर आया। पेड़ों पर लदे कच्चे आम तेज हवाओं और ओलों के प्रहार से टूटकर गिर गए। अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के हाथ अब मायूसी लगी है। पिछले कई दिनों से जारी भीषण लू और गर्मी के बीच इस बारिश से तापमान में गिरावट तो दर्ज की गई है, लेकिन यह राहत ग्रामीणों के लिए 'आफत' बनकर आई है। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें हैं। गनीमत रही कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक किसी प्रकार की जनहानि या मवेशियों के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन