बदहाल व्यवस्था : अस्पताल का ताला बंद, कार में प्रसव, लांजीत स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही पर ग्रामीण नाराज..
Pappu Jayswal
Sun, Nov 30, 2025
सूरजपुर.जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल बुरा हाल है। लांजीत ग्राम पंचायत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को घोर लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया, प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला को अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। किसी भी स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी नहीं होने के कारण महिला का प्रसव अस्पताल के बाहर ही कार के अंदर कराना पड़ा। ग्राम लांजीत के रहने वाली गर्भवती संगीता टोप्पो 28 वर्ष को रविवार सुबह परिजन प्रसव पीड़ा बढ़ने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाए थे। जहाँ पर पूरा केंद्र ताला बंद, न कोई स्टाफ,अस्पताल में मदद न मिलने पर मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने अत्यंत साहस दिखाते हुए स्वयं प्रसव कराने का निर्णय लिया। कार के अंदर ही तकलीफ से चिल्ला रही संगीता को संभालते हुए लगभग आधे घंटे की मेहनत के बाद एक स्वस्थ बच्चे का जन्म कराया गया। यह स्थिति इतनी गंभीर थी कि थोड़ी भी देर होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लांजीत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का ताला बंद रहना कोई नई बात नहीं है। अक्सर मरीज उपचार के लिए आते हैं, लेकिन अस्पताल बंद मिलता है और स्टाफ अपनी जिम्मेदारी से गायब रहता है। गांव के ग्रामीणों ने बायत कि यहां स्टाफ अपनी मनमानी करते है। ग्रामीणों के आक्रोश और भीड़ बढ़ने पर करीब दो घंटे बाद अस्पताल खोला गया। तब जाकर जच्चा और बच्चा दोनों को भर्ती कर प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल भीड़ शांत करने के लिए की गई, जबकि जिम्मेदार कर्मचारी इस बड़ी लापरवाही के असली दोषी हैं। फिलहाल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल बेहाल है सत्ता बदली लेकिन व्यवस्थाएं पहले की भाँति बदहाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन