षड्यंत्र : व्यवसायी से 5 लाख की रंगदारी और एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी, शिकायत दर्ज
Rajesh Soni
Fri, Jul 17, 2026
सूरजपुर। नगर पंचायत प्रतापपुर में एक प्रतिष्ठित व्यवसायी को डरा-धमकाकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और एट्रोसिटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित व्यवसायी सचिन अग्रवाल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार पीड़ित व्यवसायी की पत्नी ने वर्ष 2014 में ग्राम सरहरी के 11 ग्रामीणों से नियमानुसार भूमि क्रय की थी, जिसका नामांतरण वर्ष 2015 में तहसीलदार न्यायालय द्वारा विधिवत किया जा चुका है। उस समय विक्रेता पक्ष ओबीसी वर्ग में आता था, जिसे बाद में वर्ष 2022 में शासन द्वारा अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में शामिल किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपित इसी कानूनी बदलाव का नाजायज फायदा उठाकर, सीधे-साधे ग्रामीणों को मोहरा बनाकर व्यवसाई को ब्लैकमेल कर रहा है।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि बीते 12 जुलाई 2026 को आरोपी ने 5 लाख रुपये की मांग की और रुपये न देने पर मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार करने की धमकी दी। इसके अगले दिन 13 जुलाई को जब व्यवसायी अपनी कृषि भूमि पर गए, तो आरोपी ने उन्हें रोककर जान से मारने की धमकी दी और एट्रोसिटी एक्ट के झूठे केस में फंसाने की चेतावनी दी। आरोपी ने अपनी पहचान की धौंस दिखाते हुए कहा कि पूर्व में की गई शिकायतों से कुछ नहीं हुआ और वह अब सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बदनाम कर देगा।
आरोपी ने पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए कलेक्टर कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई है, जिससे व्यवसायी और उनका परिवार अत्यंत भयभीत है। इस संबंध में 15 जुलाई 2026 को थाने में दी गई लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन