विरोध प्रदर्शन : कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 'ऐतिहासिक' वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल; फूँका केंद्र का पुतला
Rajesh Soni
Mon, May 4, 2026
सूरजपुर। केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई ₹993 की रिकॉर्ड वृद्धि के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अग्रसेन चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और इसे आम जनता का 'आर्थिक शोषण' करार दिया।
चुनावी स्वार्थ और आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में एकमुश्त लगभग एक हजार रुपये की वृद्धि करना जनता के साथ क्रूर मजाक है। इस बढ़ोत्तरी के बाद सिलेंडर की कीमत ₹3,000 के पार पहुँच गई है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम के चुनाव संपन्न होते ही सरकार ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है। वोट हासिल करने के बाद महंगाई का 'उपहार' देना भाजपा की रीति बन चुकी है।
छोटे कारोबारियों पर गहरा संकट
नेताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि इस वृद्धि का सीधा प्रहार छोटे होटल संचालकों, रेहड़ी-पटरी वालों और कैटरिंग व्यवसायियों पर पड़ेगा।
"एक ही झटके में ₹1,000 की वृद्धि इतिहास में अभूतपूर्व है, जो केंद्र सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन को दर्शाती है। इससे न केवल लघु उद्योग ठप होने की कगार पर हैं, बल्कि आम आदमी के लिए बाहर खाना और अन्य सेवाएं भी अत्यधिक महंगी हो जाएंगी।"
अग्रसेन चौक पर पुतला दहन और प्रदर्शन
विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन चौक पर खाली कमर्शियल सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस 'अन्यायपूर्ण' मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। इस जनांदोलन में जिला महामंत्री संजय डोशी, उपाध्यक्ष इस्माइल ख़ान, मेहदी यादव, त्रिभुवन सिंह, बिहारी कुलदीप, नवीन जयसवाल, संतोष पावले, रामकुमार बंछोर, महेंद्र साहू, कवल बिहारी टेकाम, प्रदीप साहू, सुनील सारथी, अविनाश साहू, रोहन राजवाड़े, विक्की समद्दार, परमेश्वर राजवाड़े, शक्ति ठाकुर, राजपाल कसेरा, संदीप शर्मा, लीली राजवाड़े, जरीना सुल्ताना, बबीता गुप्ता, चन्द्रदत दुबे, समीर सिंह, इमरान इराक़ी, कुंदन विश्वकर्मा, बालकृष्ण राजवाड़े, दिनेश रजवाड़े, विजय लकछे, इमरान अंसारी, किशुन सिंह, घूरन सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन