बतरा डैम में नाव पलटी : दो ग्रामीणों के शव बरामद, एक अब भी लापता
Rajesh Soni
Wed, Jun 24, 2026
सूरजपुर। जिले के करंजी पुलिस चौकी के बतरा डैम में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों की नाव पलट गई। इस हादसे में तीन ग्रामीण गहरे पानी में समा गए, जबकि छह अन्य लोग तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद जलाशय से दो ग्रामीणों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अन्य की तलाश अब भी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राईं और उसके आसपास के नौ ग्रामीण सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे मछली पकड़ने बतरा डेम पहुंचे थे। सभी एक नाव पर सवार होकर जलाशय के बीचो-बीच जाल बिछाने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी लोग गहरे पानी में डूबने लगे। इस दौरान छह ग्रामीण किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन तीन लोग पानी की गहराइयों में समा गए।
दिनभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, दो शव बरामद
हादसे से बचे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को देने पर अलसुबह ही पुलिस और डीडीआरएफ की रेस्क्यू टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंच गई। दिनभर चले सघन खोज अभियान के बाद टीम ने दो ग्रामीणों के शवों को पानी से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय समयलाल और 45 वर्षीय जगलाल के रूप में हुई है, जो ग्राम राईं के निवासी थे।

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू स्थगित, तलाश कल भी रहेगी जारी
हादसे का शिकार हुए बसदेई निवासी तीसरे ग्रामीण का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण प्रशासन को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता ग्रामीण की तलाश के लिए बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद से प्रभावित गांवों और मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन