: लोकतंत्र का महापर्व...वृद्ध व दिव्यांगजनों ने मतदाता रथ में हए सवार...
Admin
Tue, May 7, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप वरिष्ठ (85 प्लस) व दिव्यांगजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में निशुल्क मतदाता रथ की सुविधा मुहैया कराई गई थी। 1950 टोल फ्री नंबर जारी किया गया था। प्राप्त अंतिम जानकारी के अनुसार इस सुविधा के अंतर्गत आज नगरीय निकाय के 68 मतदाताओं को विभिन्न वार्डों से उनके मतदान केंद्र पहुंचाया गया। सुबह-सुबह फूलों से सुसज्जित मतदान रथ पंजीकृत मतदाताओं के घर पर पहुंची उन्हें उनके मतदान केंद्र पहुंचाया गया और उन्हें वापस उनके घर भी छोडा़ गया। इनमें से कई मतदाता 90 प्लस उम्र के भी थे। जिसमें वार्ड क्रमांक 18 बड़कापारा से श्रीमती फुलेश्वरी वैष्णव 94 वर्ष, बड़कापर से ही श्रीमती रैमुनिया राजवाड़े 92 वर्ष आयु की मतदाता थी। भारत निर्वाचन आयोग की इस सुंदर पहल पर श्रीमती फुलेश्वरी वैष्णव द्वारा धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया। श्रीमती रैमुनिया राजवाड़े ने भी प्रशासन व जिला निर्वाचन अधिकारी को मतदाता रथ की विशेष सुविधा के लिए धन्यवाद कहा। दोनों के द्वारा मतदान केंद्र पहुंचने और मताधिकार का उपयोग करने पर खुशी जाहिर की गई।

थर्ड जेंडर मतदाता ने वोट देकर, लोकतंत्र के महापर्व में की अपनी भागीदारी...
आज मतदान दिवस के दिन सूरजपुर जिले से थर्ड जेंडर विद्या बघेल ने घर से अपने कदम तय मतदान केंद्र की ओर बढ़ाकर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। मतदाता पहचान पत्र लेकर घर से मतदान डालने के लिए वो कार से निकलीं और मिडिल स्कूल देव नगर (मतदान केंद्र क्रमांक 72) पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्र से निकलने पर उनके चेहरे पर खुशी के भाव थे। वोट डालने के पश्चात उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत देन मतदान का प्रयोग कर, उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने मतदान केंद्र में प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था की तारीफ़ भी की।इसके अलावा थर्ड जेंडर सुशील दास द्वारा भी ग्राम पंचायत कैलाशपुर के मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग...
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास आज सुबह 06ः45 पर ही सपत्नीक अपने मतदान केंद्र प्राइमरी स्कूल नवापारा (पीएस-49) मतदान के लिए पहुंच गए थे। जहां उन्होंने मतदान केंद्र में पहुंचे मतदाताओं के साथ लाइन लगकर, इंतजार किया और विधिवत अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर उन्होंने मतदान केंद्र में आए मतदाताओं से मतदान केंद्र की व्यवस्था के संबंध में सामान्य चर्चा की। उन्होंने मतदान केंद्र की व्यवस्था का जायजा भी लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन