: मृतक तकनिकी सहायक पति की पत्नी को कही से नही मिला न्याय तो इंसाफ के लिए पहुँची हाईकोर्ट प्रस्तुत की याचिका
Admin
Mon, Mar 18, 2019सचिन तायल
प्रतापपुर।तकनीकी सहायक विजय मिंज की मौत का मामला हाइकोर्ट पहुंच गया है,मृतक की पत्नी ने याचिका प्रस्तुत करते हुए जिला पंचायत सूरजपुर के तत्कालीन सीईओ संजीव झा,जनपद प्रतापपुर के सीईओ राजेश सिंह सेंगर सहित अन्य के खिलाफ कार्यवाही करते हुए क्षतिपूर्ति व रोकी गई तनख्वाह दिलाने की मांग की है।नौकरी से निकाले जाने के बाद हुई मौत के बाद उक्त अधिकारियों को दोषी बता मृतक की पत्नी व टीए संघ ने अजजा आयोग सहित कई उच्च अधिकारियों के समक्ष न्याय की गुहार लगाई थी लेकिन कहीं से राहत न मिलने के बाद अब हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
गौरतलब है कि विजय मिंज प्रतापपुर में तकनीकी सहायक के रूप में कार्यरत थे,उनके काम के दौरान यहां जनपद सीईओ के रूप में राजेश सिंह सेंगर की पदस्थापना हो गई और उन्होंने विजय मिंज के गोपनीय प्रतिवेदन में उनके खिलाफ टिप्पणी कर भेज दी जिसके बाद जिला पंचायत द्वारा उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था।नौकरी से निकाले जाने के बाद वे मानसिक रूप से प्रताड़ित रहने लगे और और उनकी तबियत खराब रहने लगी, नौकरी से निकालने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी क्योंकि नौकरी से निकाले जाने से पहले उनके द्वारा दस महीने की नौकरी के बदले तनख्वाह भी विभाग द्वारा नहीं दी गई थी।परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे विजय मिंज का बढिया से इलाज करा पाते और अंततः उनकी मौत इलाज के अभाव में हो गई थी। उनकी मौत के बाद पूरे परिवार पर आर्थिक संकट मंडराने लगा था,मृतक विजय मिंज की पत्नी एनीमा मिंज शिक्षाकर्मी वर्ग तीन हैं और उन्हें इतनी तनख्वाह नहीं मिलती है कि वह बुजुर्ग मां बाप के साथ बच्चों की परवरिश कर सके।तकनीकी सहायक पति की मौत के बाद पत्नी एनीमा मिंज इसके लिए जिला पंचायत सूरजपुर के तत्कालीन सीईओ संजीव झा,जनपद पंचायत प्रतापपुर के सीईओ राजेश सिंह को दोषी मानते हुये उन पर हत्या का मामला दर्ज करने के साथ रोकी तनख्वाह दिलाने की मांग प्रधानमंत्री कार्यालय सहित अन्य जगह शिकायत करते हुए की थी लेकिन कहीं से उन्हें राहत नहीं मिली थी।
कहीं से नहीं मिला न्याय तो पहुंची हाइकोर्ट
विजय मिंज की मौत के बाद उनकी पत्नी एनीमा मिंज ने जहां पीएमओ में शिकायत कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की थी वहीं तकनीकी सहायक संघ ने अजजा आयोग के साथ जनरल रजिस्टार हाइकोर्ट को शिकायत की थी। संघ ने राष्ट्रपति,राज्यपाल,मुख्यमंत्री,मुख्य सचिव छत्तीसगढ़,कमिश्नर सरगुजा सहित अन्य उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत कर एक करोड़ क्षतिपूर्ति के साथ दोषी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने को मांग की थी,साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी छत्तीसगढ़ से शिकायत कर जिला पंचायत सूरजपुर के सीईओ और जनपद प्रतापपुर के सीईओ को हटाने की मांग की थी लेकिन उन्हें कहीं से न्याय नहीं मिला,इतने संवेदनशील मामले में शासन प्रशासन सामने नहीं आया था।सभी जगह से उम्मीद हार चुकी मृतक की पत्नी एनीमा मिंज ने अब हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है तथा याचिका प्रस्तुत की है,प्रस्तुत याचिका में उन्होंने अपने पति की मौत के लिए सूरजपुर जिला पंचायत के तत्कालीन सीईओ संजीव झा,प्रतापपुर के सीईओ राजेश सिंह सेंगर सहित छत्तीसगढ़ शासन,आयुक्त मनरेगा व कलेक्टर/नोडल अधिकारी मनरेगा सूरजपुर को पार्टी बनाते हुए कार्यवाही के साथ क्षतिपूर्ति व मृतक की रोकी गई तनख्वाह दिलाने की मांग की है
विज्ञापन
विज्ञापन